- एक्सपायरी डेट 8 जून 2026 अंकित थी जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के देहात इलाके शहपुरा भिटौनी क्षेत्र में प्रतिष्ठित ब्रांड कैडबरी की चॉकलेट में गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ एक 14 वर्षीय छात्र द्वारा खरीदी गई कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट के अंदर मरा हुआ कॉकरोच और फफूंद पाए गए हैं। मजे की बात यह कि उक्त चाकलेट पर एक्सपायरी दिनांक 8 जून 2026 अंकित थी। बताया जाता है कि कक्षा 8वीं के छात्र अंश सेन ने अपने घर के समीप स्थित एक किराना दुकान से 55 रुपये में कैडबरी की चॉकलेट खरीदी और जब घर पहुँचकर चॉकलेट का रैपर खोला,तो उसे चॉकलेट के भीतर कीड़े और फफूंद दिखाई दिए। इस पर अंश ने तत्काल इस स्थिति के बारे में अपने परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने जब पैकेट की जांच की तो पाया कि उस पर एक्सपायरी डेट 8 जून 2026 अंकित है। यानी उत्पाद अपनी वैध समय सीमा के भीतर था, इसके बावजूद वह पूरी तरह दूषित और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक निकला। परिवार ने अब इस दूषित चॉकलेट को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रख लिया है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार खाद्य विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है ताकि चॉकलेट के सैंपल की लैब जांच कराई जा सके। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता फोरम में भी कंपनी के विरुद्ध मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। परिजनों का कहना है कि नामी कंपनियों द्वारा इस तरह की लापरवाही उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी कार्यवाही आवश्यक है। .../ 30 मार्च /2026