- कटनी मुड़वारा स्टेशन का मामला:आरपीएफ व जीआरपी ने अस्पताल में कराया भर्ती जबलपुर (ईएमएस)। पमरे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी मुड़वारा स्टेशन पर आज सोमवार 30 मार्च की सुबह हरिद्वार से पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस के एस-4 कोच के टॉयलेट में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। इस घटना ने यात्रियों के बीच हड़कंप मचा दिया और पूरे स्टेशन पर सनसनी फैल गई. बच्चा जीवित था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन के एस-4 कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने कोच के टॉयलेट में नवजात को देख अन्य यात्रियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी रेलवे प्रशासन को दी गई जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची । इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिशु को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी कटनी द्वारा यात्रियों से नवजात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आखिर किसने और किन परिस्थितियों में इस मासूम को ट्रेन में छोड़ा है, इसकी पडताल पुलिस द्वारा की जा रही है। .../ 30 मार्च /2026