क्षेत्रीय
30-Mar-2026
...


- संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपियों सहित नाबालिग गिरफ्तार रायगढ़(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मोबाइल दुकान में चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास करने वाले 5 युवकों और एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के पास से दो चारपहिया वाहन और 60 मोबाइल फोन समेत कुल 26.47 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। यह मामला फरवरी महीने में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी से शुरू हुआ था। इसके बाद 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक और 16-17 मार्च को जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट/चोरी के प्रयास हुए। लगातार एक जैसे मॉडस ऑपरेंडी को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पत्थलगांव निवासी मोहम्मद अरसलान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अरसलान ने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद अरसलान इस गैंग का सरगना था। उसने अपने हमउम्र युवकों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से ये वारदातें अंजाम दीं। गिरोह पहले दुकानों और बैंकों की रेकी करता था, फिर रात में कार से पहुंचकर चोरी या लूट की कोशिश करता था। कुडुमकेला मोबाइल दुकान से मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी चोरी कर जंगल में छिपा दी गई थी। दोनों बैंक वारदातों में आरोपी तिजोरी नहीं तोड़ पाए, लेकिन सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम निकालकर ले गए थे। बरामदगी - मारुति सियाज और महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार,60 मोबाइल फोन,अन्य सामान कुल बरामद संपत्ति की कीमत 26.47 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी - मोहम्मद अरसलान (पत्थलगांव),करण महंत (रायगढ़),अल्तमस खान,जॉनसन बेक,कवलेश यादव एक नाबालिग पुलिस सभी आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मार्च 2026