मियामी (ईएमएस)। अमेरिका की टेलर टाउनसेंड ने अपनी चेक गणराज्य की जोड़ीदार कैटरीना सिनियाकोवा के साथ मिलकर मियामी ओपन टेनिस खिताब जीता लिया है। । टेलर और कैटरीना की जोड़ी ने महिला युगल के फाइनल में इटली की सारा एरानी और जैस्मीन पाओलिनी की जोड़ी को 7-6 (0), 6-1 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही टेलर टाउनसेंड और कैटरीना सिनियाकोवा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सनशाइन डबल पूरा किया है। टेलर और कैटरीना साल 2019 के बाद सनशाइन डबल पूरा करने वाली पहली जोड़ी बन गई हैं। इससे पहले साल साल 2019 में यह विशेष उपलब्धि एलिस मर्टेनस और आर्यना सबालेंका की जोड़ी ने हासिल की थी। टेलर और कैटरीना सनशाइन डबल पूरा करने वाली छठी महिला जोड़ी है। इससे पहले नोवोत्ना और हेलेना सुकोवा ने साल (1990), लिसा रेमंड और रेने स्टब्स (2002), लिसा रेमंड और सामंथा स्टोसुर (2006, 2007), मार्टिना हिंगिस और सानिया मिर्जा (2015), एलिस मर्टेनस और आर्यना सबालेंका (2019) की जोड़ी ने ये उपलब्धि हासिल की थी। टाउनसेंड और सिनियाकोवा का ये पांचवां खिताब है। इससे पहले इन दोनो ने दो ग्रैंड स्लैम खिताब 2024 विंबलडन और 2025 ऑस्ट्रेलियन ओपन में हासिल किये थे। इस जीत के साथ ही टाउनसेंड और सिनियाकोवा डबल्स रेस में एक स्थान ऊपर चढ़कर नंबर 3 पर पहुंच गयी हैं जबकि एरानी और पाओलिनी नंबर 8 से नंबर 6 पर पहुंच गयी हैं। ईएमएस 30 मार्च 2026