नई दिल्ली (ईएमएस)। दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने रोहित शर्मा की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि जिस प्रकार से उन्होंने आईपीएल सत्र मे शुरुआत की है। उससे सभी टीमों को सतर्क हो जाना चाहिये। कुंबले के अनुसार मुम्बई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित आगे और भी आक्रामक होंगे। रोहित ने अपनी टीम के शुरुआती मुकाबले में ही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 38 गेंदों में ही 78 रन बना दिये। कुंबले के अनुसार रोहित का इस सत्र में ये 2.0 अवतार दिख रहा है। इससे अन्य सभी टीमों की परेशानी बढ़ जाएगी। रोहित ने अपनी 78 रनों की पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। रोहित ने इस दौरान अपना अर्धशतक केवल 23 गेंदों में पूरा किया, जो आईपीएल में उनका सबसे तेज अर्धशतक भी है। कुंबले ने कहा, रोहित अपने 2.0 अवतार में आ गए हैं और उनकी पारी से पता चलता है कि वह फिर से हावी होने के लिए तैयार हैं। जिस तरह से उन्होंने गेंद को मैदान के चारों ओर खेला, उसे देखकर मुझे उनका शुरुआती फार्म याद आ गया। सभी का पता है कि वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और ब्लेसिंग मुजारबानी जैसे गेंदबाजों के खिलाफ छक्के मारना आसान नहीं है पर वह आसानी से लगा रहे थे। रोहित ने इस दौरान ही अपना 50वां अर्धशतक भी लगाया। वह यह मुकाम हासिल करने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। कुंबले ने कहा, रोहित ने अपनी फिटनेस पर बहुत काम किया है और जब आप छोटे ब्रेक के बाद वापस आते हैं, तो अपनी टाइमिंग वापस पाने और अपनी लय पाने में पांच से सात दिन लगते हैं। यह एक शानदार पारी थी, बिल्कुल वैसी ही जैसी हमने वानखेड़े में देखी थी, जहां वह पहली गेंद से ही गेंदबाजों पर हावी दिखे। वह आसानी से छक्के लगा रहे थे। बाउंड्री भले ही छोटी थीं, लेकिन उनके शॉट्स स्टैंड में जा रहे थे। यह पारी दिखाती है कि रोहित को सिर्फ अपने काम से मतलब है और उनका यह रूप सभी आईपीएल टीमों को चिंतित कर देगा।रोहित ने रयान रिकेल्टन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन बना दिये और उनके सामने विरोधी टीम केकेआर के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई नजर आये। ईएमएस 30 मार्च 2026