लाहौर (ईएमएस)। पाकिस्तान में प्रीमियर लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर अपने चार साथियों को बिना अनुमति होटल में ले जाने का आरोप लगा है। शाहीन और रजा के इस कदम को सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन मानते हुए अधिकारियों ने जांच शुरु कर दी है। इस मामले मे एक डिप्टी पुलिस इंस्पेक्टर ने पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर को पत्र भी लिखा है। इस पत्र में शाहीन और रजा पर शनिवार रात चार मेहमानों को जबरन एक खिलाड़ी के होटल रूम में ले जाने की शिकायत की गयी है। पत्र में यह भी कहा गया है कि पीसीबी ने पहले ही कलंदर्स की उस मांग को खारिज कर दिया था, जिसमें रजा के जानने वाले चार लोगों को उनके होटल रूम में जाने की अनुमति मांगी गई थी। पत्र में कहा गया, “इस अनुरोध को खारिज कर दिया गया था. इसके बाद कलंदर्स के मालिक समीम राणा ने नसीर से इसकी अनुमति मांगी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इस अनुरोध को भी ठुकरा दिया गया।” इस पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों को नहीं मानते हुए शाहीन और रज़ा ने चार मेहमानों को जबरन होटल रूम तक पहुंचाया। वहीं कलंदर्स के मीडिया प्रमुख उमर फारूक ने कहा कि वह इस मामले में पीएसएल के संपर्क में हैं। उमर ने कहा, “हमें लाहौर कलंदर्स के दो खिलाड़ियों से जुड़े एक मामले की जानकारी है और हम इस पर पीएसएल के साथ संपर्क में हैं।” पुलिस के पत्र में घटना की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरुरी कदम उठाने की अपील की गई है। ईएमएस 30 मार्च 2026