राष्ट्रीय
30-Mar-2026


-जयपुर में आयोजित शिविर में देशभर के करीब 50 ज्योतिर्विदों ने दीं सेवाएं जोधपुर,(ईएमएस)। नक्षत्र लोक ज्योतिष विज्ञान शोध संस्थान, जोधपुर एवं सैनिक क्षत्रीय हनुमान एवं महादेव मंदिर सेवार्थ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में लाल सागर स्थित हनुमान मंदिर में एक दिवसीय निशुल्क ज्योतिष, हस्तरेखा एवं वास्तु परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन पंडित बाबूलाल जोशी की 11वीं पुण्यतिथि पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वैदिक एवं सनातन परंपरा के साथ ज्योतिष क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. अनीष व्यास को ‘ज्योतिष गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपनी जन्मकुंडली, स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक समस्याओं और करियर से जुड़े प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए। पंडित अभिषेक जोशी ने बताया कि शिविर में 700 से जयदा लोगों को ज्योतिष परामर्श दिया गया। पंडित रमेश भोजराज ने कहा कि ज्योतिष एक वैज्ञानिक शास्त्र है, जो खगोलीय घटनाओं के आधार पर भविष्य का आकलन करता है। इस अवसर पर डॉ. भैरु प्रकाश दाधीच को ‘राज ज्योतिषी पंडित बाबूलाल जोशी ज्योतिष सम्मान’ से नवाजा गया। शिविर में देशभर से आए करीब 50 ज्योतिर्विदों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें हस्तरेखा, लाल किताब, टैरो, वास्तु और मेडिकल एस्ट्रोलॉजी जैसी विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ शामिल थे। लोगों की समस्याओं में पारिवारिक विवाद, शिक्षा, नौकरी और स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न प्रमुख रहे। दीप प्रज्ज्वलन संत प्राणवल्लभ जी महाराज द्वारा किया गया। आयोजन में कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि डॉ. अनीष व्यास को ज्योतिष के क्षेत्र में 190 से ज्यादा पुरस्कार मिल चुके हैं। वे अपनी सटीक भविष्यवाणियों के लिए जाने जाते हैं। यह आयोजन न केवल ज्योतिष के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है, बल्कि सामाजिक स्तर पर परामर्श सेवाओं का एक अहम जरिया है। सिराज/ईएमएस 30मार्च26