राष्ट्रीय
30-Mar-2026
...


-राहुल गांधी ने पतनमतिट्टा रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी और एलडीएफ को घेरा तिरवनंतपुरम,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केरल के पतनमतिट्टा में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान बीजेपी और एलडीएफ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देशभर में मंदिरों और धर्म की बात करते हैं, लेकिन सबरीमाला से जुड़े विवादों पर चुप्पी साध लेते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने संबोधन में सबरीमाला मंदिर का मुद्दा उठाते हुए वामपंथी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मंदिर की संपत्ति और पवित्रता के साथ खिलवाड़ किया गया है। राहुल ने आरोप लगाया कि अयप्पा मंदिर के सोने को बदलकर पीतल रख दिया गया, जो श्रद्धालुओं की आस्था के साथ धोखा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और एलडीएफ के बीच कथित संबंधों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी के प्रभाव में केरल की एलडीएफ सरकार काम कर रही है। राहुल गांधी ने कहा, जो लोग बीजेपी के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन पर हमले होते हैं और उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने अपने ऊपर हुए हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ 36 मामले दर्ज हैं, जबकि केरल के मुख्यमंत्री पर बीजेपी की ओर से कोई कार्रवाई या हमला नहीं होता। राहुल ने इसे दोनों दलों के बीच अंदरूनी गठबंधन का संकेत बताया। चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा कि केरल की राजनीति में एक तरफ कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन है, जबकि दूसरी ओर एलडीएफ और बीजेपी एक साथ खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी राज्य में कांग्रेस को कमजोर करना चाहती है, क्योंकि वही राष्ट्रीय स्तर पर उसे चुनौती देने की क्षमता रखती है। धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब सबरीमाला जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद सामने आए, तो बीजेपी ने राज्य सरकार के खिलाफ कोई ठोस रुख क्यों नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टी का इस मुद्दे पर मौन रहना कई सवाल खड़े करता है। हिदायत/ईएमएस 30मार्च26