क्षेत्रीय
30-Mar-2026
...


- आईसीएआई बिलासपुर शाखा का सफल आयोजन बिलासपुर (ईएमएस)। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की बिलासपुर शाखा (सीआईआरसी) द्वारा निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन आईसीएआई भवन, व्यापार विहार में किया गया। यह कार्यक्रम इनवेस्टर एजुकेशन एंड प्रोटेक्शन फंड अथारिटी(आईईपीएफए) के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य आम निवेशकों को सुरक्षित और जागरूक निवेश के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम में कनफेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ वक्ता आशीष अग्रवाल एवं सीए कपिल सचदेव ने निवेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग की मूलभूत जानकारी, म्यूचुअल फंड में निवेश की प्रक्रिया, सुरक्षित निवेश के विकल्प, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय तथा डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डाला। साथ ही आईईपीएफ के अंतर्गत निवेशकों के अधिकारों और सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन निवेशकों को सशक्त बनाने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया तथा सभी का आभार व्यक्त किया गया। मनोज राज 30 मार्च 2026