वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी एयरपोर्ट पर शनिवार रात इंडिगो के विमान की लैंडिंग से पहले एक यात्री ने आपातकालीन द्वार खोलने का प्रयास किया। इससे अन्य यात्री डर गए। इसका अलर्ट मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी। विमान को सुरक्षित उतारा गया। सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में लेकर फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। यात्री के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इंडिगो विवान 6ई 185 शनिवार रात बेंगलुरु से 152 यात्रियों को लेकर बाबतपुर पहुंचा था। इनमें दो बच्चे भी थे। रात लगभग 10:20 बजे जब विमान बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने वाला था तो अचानक यात्री ने आपातकालीन द्वार खोलने का प्रयास किया। द्वारा का एक हैंडल खुल भी गया, लेकिन कई लाक लगे होने से गेट खुल नहीं पाया। इसका अलर्ट तत्काल पायलट को मिला। वही क्रू मेंबर ने भी द्वार से छेड़छाड़ का आरोप लगाती हुई पायलट को सूचना दी। रात लगभग 10:30 बजे विमान सुरक्षित रनवे पर उतरा।अप्रैन पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने यात्री मऊ जिले के यूसुफपुरा मोहल्ला दक्षिण टोला निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद अदनान को दबोच लिया और फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में अदनान ने कहा कि वह भूल बस आपातकालीन द्वार खोलने का प्रयास कर रहा था। रविवार को उसके परिजन भी पहुंचे। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि अदनान साड़ी बुनाई करता है। 24 मार्च को मऊ से ट्रेन से गोवा घूमने गया था। शनिवार को वह बेंगलुरु से विमान से वापस आ रहा था। वह पहली बार फ्लाइट में सफर कर रहा था। विमान उतरने से पहले वह सो रहा था। उसकी नींद खुली तो अचानक उसका हाथ इमरजेंसी डोर से टकरा गया। एयरलाइंस कर्मी की तहरीर पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 125 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके बारे में पूरी छानबीन की गई है। कार्रवाई पूरी करने के बाद उसका चालान कर छोड़ दिया गया है। डॉ नरसिंह राम, ३० मार्च, २०२६