भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में सीएपीटी में अभियोजन अधिकारियों का रिफ्रेशर कोर्स के 7 वें बैच का प्रारम्भ सोमवार को हुआ। इस संबध में जनसम्पर्क अधिकारी एडीपीओ मनोज त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अशोक कुमार पांडेय पूर्व अध्यक्ष लोक सेवा आयोग मौजूद रहे। अपने उद्बोधन में उन्होनें संविधान की प्रस्तावना पर अपने चिंतन को अभिव्यक्त किया और बताया कि प्रस्तावना को भारत के लोग अर्थात हम नागरिकों ने आत्मार्पित किया है। पर हम स्वतंत्रता के लिए तो चिंतित है, परंतु उस पर लगाए गए प्रतिबंधों के प्रति हमारी सतर्कता देखने को कम ही मिलती है। स्वयं के अधिकारों के प्रति सजगता के साथ साथ अन्य के अधिकारों का अतिक्रमण न हो इस पर उन्होंने जोर दिया। राज्य के दायित्व के साथ साथ नागरिकों का दायित्व भी महत्वपूर्ण है, इस पर चिंतन को आवश्यक बताया। उन्होंने संविधान को एक ऐसा फाउंटेन बताया जिससे सभी विधि एवं नागरिक अधिकार अभिसिंचित होते है। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों के लिए चलाए जा रहे रिफ्रेशर कोर्स को मील का पत्थर बताते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। इसी अवसर पर संचालक बी एल प्रजापति द्वारा सभी अभियोजन अधिकारियों को न्यायिक अधिकारियों के समान ही सतत प्रशिक्षण की अपनी प्रतिबद्धता को बताया और अभियोजन के लिए किए जा रहे संचालनालय के कार्यों की जानकारी दी। और अभियोजन अधिकारियों को ट्रेनिंग में प्रदान किए जा रहे विषय को तात्कालिक समय की आवश्यकता बताया। मंच का संचालन मनीष शर्मा एडीपीओ द्वारा किया गया। रिफ्रेशर कोर्स के अवसर पर संचालक बी एल प्रजापति,सहायक संचालक महेंद्र सिंह गौतम,ट्रेनिंग हेड एवं सहायक संचालक अभिषेक बुंदेला, राजगौरव तिवारी सहायक संचालक (अपील) और आशीष दुबे एडीपीओ, बिहारी बघेल एडीपीओ सहित अभियोजन संचालनालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जुनेद / 30 मार्च