-कुछ लोग इसे अब तक की सबसे ‘मीठी’ डकैती बता रहे, कंपनी करा रही जांच रोम,(ईएमएस)। इटली की एक फैक्ट्री से पॉलैंड के लिए निकला ट्रक बीच रास्ते में लूट लिया गया। यह खबर इस समय दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। ट्रक में 12 टन चॉकलेट लदी हुई थी। नेस्ले किटकैट की चॉकलेट। कुल 4 लाख 13 हजार से ज्यादा चॉकलेट के पैकेट थे, लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही यह ट्रक और इसमें लदी करोड़ों की चॉकलेट गायब हो गई। इसको लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स खूब मजे ले रहे हैं। कुछ लोग इसे अब तक की सबसे ‘मीठी’ डकैती बता रहे हैं। जब खबर बाहर आई तो खुद नेस्ले कंपनी ने अपने ही विज्ञापन का मजाक उड़ाते हुए कहा कि हमने दुनिया को ‘ब्रेक’ लेने को कहा था, लेकिन चोरों ने तो कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया और 12 टन चॉकलेट के साथ ही रफूचक्कर हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चोरों ने ट्रक चुराने से पहले पूरे रूट की रेकी की थी। उन्हें पता था कि ईस्टर का समय नजदीक है और इस वक्त चॉकलेट की मांग आसमान पर होती है। यह एक सोची-समझी कॉर्पोरेट चोरी जैसा मामला था। इटली से निकलने के बाद ट्रक का जीपीएस सिस्टम जाम कर दिया गया और ड्राइवर का भी कोई सुराग नहीं मिला। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर फैली, इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई। किसी ने इसे ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ फिल्म का असली सीन बताया तो किसी ने कहा कि अब तो ब्लैक मार्केट में भी ‘ब्रेक’ मिलेगा, लेकिन नेस्ले के लिए यह मजाक नहीं था। उन्हें डर था कि ये चोरी हुई चॉकलेट्स अब अवैध रास्तों से बेची जाएंगी, जिससे ब्रांड की साख गिर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक नेस्ले एक बड़ी कंपनी है। इसकी मार्केट वैल्यू अरबों डॉलर में है। उसके लिए 12 टन माल गायब होना सिर्फ पैसों का नुकसान नहीं था। यह उनके डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की सुरक्षा पर एक बड़ा तमाचा था। किटकैट किफायती दाम, क्रिस्पी स्वाद और हर छोटी दुकान तक पहुंच रखती है। जब इतनी बड़ी मात्रा में स्टॉक गायब होता है, तो मार्केट में एक खालीपन आ जाता है जिसे तुरंत भरना नामुमकिन है। कंपनी ने इंटरनल जांच टीम को पुलिस के साथ लगा दिया और चेतावनी जारी की कि इन चॉकलेट्स के पैकेट पर खास ‘टैच कोड’ प्रिंट हैं, जिनसे इनकी पहचान की जा सकती है। सिराज/ईएमएस 30मार्च26