बिलासपुर (ईएमएस)। रायपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर शिवसेना द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें बिलासपुर संभाग से बड़ी संख्या में शिवसैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा के मार्गदर्शन एवं संभाग महासचिव प्रभु वस्त्रकार के नेतृत्व में बिलासपुर, मस्तूरी, कोटा, मुंगेली और लोरमी से कार्यकर्ता एक बस एवं नौ चारपहिया वाहनों के माध्यम से रायपुर पहुंचे। शोभायात्रा पारंपरिक स्थल वि_ल मंदिर, फूल चौक, नवीन बाजार से प्रारंभ हुई। इसमें आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े, डीजे, छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के साथ पंथी, राउत नाचा, सुवा नृत्य एवं आदिवासी नृत्यों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। करीब दो दर्जन से अधिक डीजे और धुमाल की विशेष व्यवस्था की गई थी, वहीं विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच भी बनाए गए थे। शोभायात्रा में रामभक्त हनुमान की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भगवा झंडों के साथ जय श्रीराम, जय भवानी, जय शिवाजी के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस आयोजन में प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिवसैनिक उपस्थित रहे, जिससे पूरा माहौल श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया। मनोज राज 30 मार्च 2026