- दोपहर तक खुले बैंक, 2 बजे आदेश आया और धड़ाधड़ गिरी शटरें गुना (ईएमएस)। महावीर जयंती के अवकाश को लेकर जिले सहित पूरे प्रदेश में सोमवार को अजीब स्थिति देखने को मिली। छुट्टी को लेकर स्पष्ट आदेश नहीं होने के कारण एसबीआई सहित अधिकांश राष्ट्रीयकृत बैंक दोपहर तक खुले रहे, लेकिन जैसे ही नया निर्देश आया, दोपहर करीब 2 बजे अचानक बैंकों के शटर गिरने लगे। इस पूरे घटनाक्रम से ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। दरअसल, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च के बजाय 30 मार्च (सोमवार) को घोषित किया गया था। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया था कि 31 मार्च को सभी शासकीय कार्यालय खुले रहेंगे। हालांकि, बैंकों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 31 मार्च को अवकाश निर्धारित था, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। लीड बैंक अधिकारी अजय सिंह पाल ने बताया कि आदेश पूरी तरह स्पष्ट नहीं था, जिसके चलते रविवार देर रात तक भी स्थिति साफ नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने रात 11 बजे तक कलेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन स्पष्ट निर्देश नहीं मिलने के कारण सोमवार सुबह सभी बैंक सामान्य दिनों की तरह खुल गए। यही स्थिति केवल गुना ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में बनी रही। सोमवार दोपहर जैसे ही स्थिति स्पष्ट हुई, बैंकों में तत्काल प्रभाव से कामकाज बंद कराया गया और ग्राहकों को बाहर किया जाने लगा। इससे कई लोग अधूरे काम के साथ ही लौटने को मजबूर हुए। पूरे दिन बैंकिंग व्यवस्था को लेकर असमंजस बना रहा। अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी गई है। 31 मार्च (मंगलवार) को जिलेभर के सभी बैंक खुले रहेंगे और सामान्य दिनों की तरह कामकाज करेंगे, जबकि डाकघर और पासपोर्ट केंद्र राष्ट्रीय अवकाश के चलते बंद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि जैन समाज द्वारा लंबे समय से महावीर जयंती पर 30 मार्च को अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही थी। इसी के तहत राज्य सरकार ने कलेक्टरों को स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। लेकिन अलग-अलग विभागों के अलग आदेशों ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी कि आम लोगों को पूरे दिन भ्रम और असुविधा का सामना करना पड़ा। - सीताराम नाटानी