- इंदौर पुलिस ने सृजन और मुस्कान अभियान से जगाई अलख - गोपाल मंदिर में जुटीं सैकड़ों महिलाएं, सेल्फ डिफेंस और कानूनी अधिकारों का सीखा पाठ :: इंदौर (ईएमएस)। महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का साझा संकल्प है। इसी प्रेरणादायी संदेश के साथ इंदौर पुलिस और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजबाड़ा स्थित गोपाल मंदिर के गीता भवन में एक भव्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने महिलाओं को न केवल अपराधों के विरुद्ध आवाज़ उठाने का साहस दिया, बल्कि उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों से भी रूबरू कराया। कार्यशाला में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संबोधन के दौरान पुलिस कमिश्नर ने इंदौर पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियानों की सफलता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि सृजन अभियान के माध्यम से अब तक 12,583 से अधिक किशोरियों को सीधे व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है, जहाँ वे सीधे पुलिस से संवाद कर मार्गदर्शन प्राप्त कर रही हैं। इसी तरह मुस्कान अभियान के तहत पिछले एक वर्ष में करीब 1.54 लाख महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के प्रत्येक थाने में संचालित ऊर्जा डेस्क, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और व्ही केयर फॉर यू जैसी शाखाएं चौबीसों घंटे महिलाओं की सहायता और संरक्षण के लिए तत्पर हैं। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सशक्तिकरण के विविध आयामों पर गहराई से चर्चा की। आईआईएम इंदौर की श्रीमती सानू मेहता ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए फाइनेंशियल लिटरेसी के गुर सिखाए, तो वहीं लॉ कॉलेज के प्रोफेसर निर्मल पगारिया ने कानूनी प्रावधानों और विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षा की तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देख उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। आयोजन के अंत में महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महेंद्र पाठक, अपराजिता एनजीओ की रेखा और उपनिरीक्षक शीतू जरिया को सम्मानित किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संध्या राय ने शासन की विभिन्न हेल्पलाइनों की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/30 मार्च 2026