- फोर्ड कार से तस्करी कर रहे आरोपियों से 5 लाख का मशरुका बरामद :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बाणगंगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देशों पर सक्रिय टीम ने रविवार रात रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध फोर्ड कार को रोककर तीन अंतरजिला तस्करों को दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनीश पठान (चंदननगर), जुबेर खान (सांवेर) और रेहान मंसूरी (धार रोड) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यवहार करने पर जब कार की गहन तलाशी ली गई, तो पिछली सीट के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने ड्रग्स सहित तस्करी में प्रयुक्त फोर्ड कार को भी ज़ब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है। थाना बाणगंगा ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से ड्रग्स के मुख्य स्रोत और उनके नेटवर्क के अन्य साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक राहुल काले व उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। प्रकाश/30 मार्च 2026