क्षेत्रीय
30-Mar-2026
...


- लोगों से संयम बरतने की अपील मधुबनी, (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर आशंकाएं बढ़ गई हैं। इसका असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। जहां कुछ लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने लगे हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मधुबनी जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से अधिक ईंधन का भंडारण न करें। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि ईंधन का अवैध भंडारण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। घरों, दुकानों या अन्य स्थानों पर ज्वलनशील पदार्थों का बिना सुरक्षा मानकों के भंडारण करना अत्यंत खतरनाक हो सकता है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि फिलहाल जिले में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। तेल कंपनियां नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाह फैलाकर कृत्रिम संकट उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। जिससे आम जनता प्रभावित हो सकती है। प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, अग्निशमन विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ हैं, जिनका गलत तरीके से भंडारण आग लगने की बड़ी घटनाओं को जन्म दे सकता है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे केवल आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इससे न केवल व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं से भी बचाव किया जा सकेगा। सदर एसडीओ चंदन कुमार झा ने कहा कि पेट्रोल पंप मालिक को निर्देश दिया गया है कि किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल डीजल भंडारण के लिए गैलन में पेट्रोल पेट्रोल न दें। ‎कार्तिक कुमार/संतोष झा-३० मार्च/२०२६/ईएमएस