शिवपुरी ( ईएमएस ) | बदरवास थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर बड़खेड़ा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में उत्तरप्रदेश निवासी 19 वर्षीय अमित बंजारा की मौत हो गई । पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अमित बंजारा उत्तरप्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के हुकूमपुर गांव का रहने वाला था। वह फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। रविवार रात करीब 10 बजे वह अपने साथियों के साथ बाइक से म्याना की ओर जा रहा था। बड़खेड़ा गांव के पास भूसा भरकर रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अमित को बदरवास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।