राज्य
30-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)।सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल में 30 मार्च को कारखाना राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 87वीं तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाड़े द्वारा की गई। बैठक में केंद्र सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग-प्रसार तथा सरकारी कामकाज में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक के प्रारंभ में हनुमान प्रसाद मीना, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (सडीएफके) द्वारा अध्यक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी एम.एल. मीना ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए बैठक की रूपरेखा रखी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कोहाड़े ने कहा कि कारखाना में राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार पूर्ण निष्ठा एवं सक्रियता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदी के माध्यम से सरकारी कार्य आमजन की भाषा में संपादित किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे उत्पादन कार्यों के साथ-साथ राजभाषा नीति के अनुपालन को भी सुनिश्चित करें तथा हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी रखते हुए इसके उपयोग को बढ़ावा दें। बैठक में राजभाषा अनुभाग द्वारा प्रकाशित राजभाषा दैनंदिनी 2026Ó का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि दैनंदिनी में राजभाषा से संबंधित संवैधानिक प्रावधान, अधिनियम, नियम एवं कार्यालयीन कार्यों में उपयोगी जानकारी शामिल है, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक कार्य हिंदी में करने में सुविधा होगी। बैठक में कारखाना के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शॉप एवं अनुभाग प्रभारी तथा पर्यवेक्षक/मुख्य कार्यालय अधीक्षक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्री राकेश कुमार मालवीय, वरिष्ठ अनुवादक द्वारा किया गया। आशीष पाराशर , 30 मार्च, 2026