राज्य
30-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)।रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, भोपाल में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का पावन जन्मोत्सव महावीर जयंती इस वर्ष अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। दादाजी धाम मंदिर के गर्भगृह परिक्रमा स्थल में विराजमान भगवान महावीर स्वामी के श्रीचरणों में महावीर जयंती के पावन अवसर पर सायं 5:00 बजे से विशेष पूजन, अभिषेक, आरती, प्रवचन एवं भजन कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडित राजेन्द्र पलिया जी द्वारा यजमान अखिलेश श्रीवास्तव एवं श्रद्धा श्रीवास्तव सहित उपस्थित समस्त श्रद्धालु भक्तों को विधि विधानपूर्वक पूजन कराया गया, जिसमें भक्तगणों ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भक्तों ने भगवान महावीर स्वामी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया तथा समाज में शांति, सद्भाव, करुणा एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार का संदेश दिया। भगवान महावीर स्वामी द्वारा प्रतिपादित अहिंसा परमो धर्म: का सिद्धांत आज भी मानव जीवन के लिए अत्यंत प्रासंगिक एवं प्रेरणादायक है। उनके द्वारा बताए गए पंचमहाव्रतअहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य एवं अपरिग्रह समाज को एक आदर्श दिशा प्रदान करते हैं। दादाजी धाम परिवार ने इस पावन अवसर पर समस्त श्रद्धालु भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से धर्म, सेवा एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का आग्रह किया। आशीष पाराशर , 30 मार्च, 2026