खेल
30-Mar-2026


:: 87वीं सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में महाराष्ट्र की चुनौती पस्त कर बेटियों ने फहराया परचम :: गांधीधाम (ईएमएस)। गुजरात के गांधीधाम स्थित एम.पी. मित्त्रा इंडोर स्टेडियम में सोमवार को बंगाल की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया। 87वीं यूटीटी सब-जूनियर और कैडेट नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-15 गर्ल्स टीम फाइनल में पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 3-1 से पराजित कर नेशनल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। मुकाबले की शुरुआत बंगाल के लिए चुनौतीपूर्ण रही। पहले सिंगल्स मैच में अहोना रे को महाराष्ट्र की शीर्ष खिलाड़ी नैशा रेवास्कर के हाथों 4-11, 11-9, 12-14, 8-11 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस शुरुआती झटके के बाद अंकोलिका चक्रवर्ती ने जबरदस्त पलटवार किया और मायरा संगेल्कर को सीधे गेमों में 11-7, 11-5, 11-2 से हराकर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। :: डबल्स मुकाबले ने बदली तस्वीर :: मैच का सबसे रोमांचक मोड़ डबल्स मुकाबला रहा, जहाँ अहोना और अंकोलिका की जोड़ी ने शानदार तालमेल का परिचय दिया। बंगाल की इस जोड़ी ने महाराष्ट्र की नैशा और मायरा को 11-5, 11-5, 11-7 से मात देकर अपनी टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद रिवर्स सिंगल्स में अंकोलिका चक्रवर्ती ने अपना विजय रथ जारी रखा और नैशा रेवास्कर को 11-9, 11-7, 11-3 से परास्त कर बंगाल की खिताबी जीत पर मुहर लगा दी। इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबलों में बंगाल ने पीएसपीबीए को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था, जबकि महाराष्ट्र ने कर्नाटक को 3-1 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। टूर्नामेंट के व्यक्तिगत वर्गों (अंडर-15, 13 और 11) के मुकाबले भी सुचारू रूप से जारी हैं, जहाँ शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। डबल्स स्पर्धाओं में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है, जिससे चैंपियनशिप अब एक रोमांचक समापन की ओर अग्रसर है। प्रकाश/30 मार्च 2026