खेल
30-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। किसान नेता राकेश टिकैत की ओडिशा में गिरफ्तारी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माहौल अचानक गर्म हो गया है। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई के विरोध में मुजफ्फरनगर जिले के कई थानों पर धरना शुरू कर दिया है और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। टिकैत ने अपनी गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि ओडिशा के किसान 22 मार्च 2026 से अपनी मांगों को लेकर पैदल मार्च करते हुए राजधानी भुवनेश्वर पहुंचे थे, जहां एक सभा प्रस्तावित थी। उन्होंने कहा कि वे भी इस सभा में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें और अन्य किसानों को हिरासत में ले लिया। इस खबर के फैलते ही पश्चिमी यूपी के किसान संगठनों में आक्रोश फैल गया है। गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में पहुंचकर धरने पर बैठ गए हैं। थाना चरथावल, कोतवाली नगर समेत कई थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान जुटने लगे हैं और विरोध प्रदर्शन जारी है। किसान यूनियन ने साफ कर दिया है कि जब तक राकेश टिकैत की रिहाई नहीं होती, तब तक थानों पर धरना जारी रहेगा। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत सड़कों को जाम करने और ‘जेल भरो आंदोलन जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। सुबोध/३०-०३-२०२६