-अब सिर्फ फास्टेग और यूपीआई से ही होगा टोल भुगतान, डिजिटल पेमेंट अनिवार्य नई दिल्ली,(ईएमएस)। देशभर में टोल भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब वाहन चालकों को टोल टैक्स चुकाने के लिए केवल फास्टेग या यूपीआई का ही उपयोग करना होगा। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लंबी कतारों को कम करना और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना बताया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिना डिजिटल भुगतान के टोल प्लाजा पर पहुंचने वाले वाहन चालकों को जुर्माना भरना पड़ सकता है या उन्हें वापस भी लौटाया जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, जिन वाहन चालकों ने अभी तक फास्टेग सक्रिय नहीं कराया है, उन्हें तुरंत इसे अपनी गाड़ी पर लगवाना चाहिए। वहीं, स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके फोन में यूपीआई भुगतान सुविधा चालू हो। इसके अलावा, 1 अप्रैल से टैक्स, रेलवे और बाजार से जुड़े करीब 10 नए नियम लागू होंगे, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम डिजिटल इंडिया पहल को मजबूती देगा, हालांकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इसे लागू करने में शुरुआती चुनौतियां सामने आ सकती हैं। बदले नियमों से लोगों को खासा परेशान भी होना पड़ सकता है, जिस पर चिंता भी जाहिर की जा रही है। हिदायत/ईएमएस 31मार्च26