राज्य
25-May-2026
...


- दोबारा होगा शव परीक्षण : महिला को घर में घुसकर बनाया था ‎शिकार जबलपुर (ईएमएस)। विगत दिवस बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पनपथा रेंज के खेरवाटोला गांव में एक महिला को मारकर खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत हुए बाघ (टाइगर) के शव को पोस्ट मार्टम के लिये जबलपुर के वेटरनरी विवि स्थित एसडब्ल्यूएफएच लाया गया है जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बाघ की मौत के कारणों की जांच करेगी। गौरतलब है कि रविवार, 24 मई को तड़के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पनपथा रेंज के खेरवाटोला गांव में जंगल से भटककर पहुंचे एक नर बाघ ने महिला पर हमला किया था । बाघ के हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए थे। बताया जाता है कि घटना के बाद बाघ करीब छह घंटे तक मृतिका के शव के पास बैठा रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची और बाघ को ट्रेंकुलाइज किया। इसके कुछ देर बाद ही बाघ की भी मौत हो गई। एक्सपर्ट का कहना है कि बाघ की मौत की वजह ओवरडोज या फिर एंटीडोज देने में देरी से हुई हो सकती है। पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समीता राजौरा का कहना है कि बाघ का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम व हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बाघ की मृत्यु के उपरांत प्रोटोकाल अनुसार मृत बाघ के शव का परीक्षण कराया गया। वरिष्ठ स्तर के निर्देश पर नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के प्रतिनिधि एआईजी, एनटीसीए क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर के समक्ष दोबारा से शव परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण करने वाली तीन सदस्यीय टीम में पशु चिकित्सक डॉ. निधि राजपूत, पशुचिकित्सक एसडब्ल्यूएफएच जबलपुर, डॉ. अभय संगेर, पशु चिकित्सक, मुकुंदपुर एवं डॉ. प्रशांत देशमुख, पशुचिकित्सक, डब्ल्यूसीटी द्वारा एसडब्ल्यूएफएच जबलपुर को शामिल किया गया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) की सदस्य सचिव, एनटीसीए दिल्ली से हुई चर्चा अनुसार बाघ के शव के पुन: परीक्षण के लिए उसे एसडब्ल्यूएफएच जबलपुर में सुरक्षित लाकर डीप फ्रिज में रखा गया है। अजय पाठक / मोनिका / 25 मई 2026/ 03.19