राज्य
25-May-2026
...


- दिसंबर तक तैयार होगा आईटी पार्क-3 - प्लग-एंड-प्ले मॉडल : इंदौर में आकार ले रहे दो नए भव्य आईटी परिसर, 11 हजार से अधिक युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार इंदौर (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की पहचान अब देश के बड़े आईटी हब के रूप में और मजबूत होने जा रही है। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) शहर में निवेश और तकनीक को रफ्तार देने के लिए पारंपरिक भूखंड आवंटन के बजाय अब आधुनिक रेडी-टू-यूज यानी प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर काम कर रहा है। इसका सीधा फायदा यह होगा कि कंपनियां इंदौर आते ही बिना समय गंवाए सीधे अपना काम शुरू कर सकेंगी। इसी कड़ी में शहर में आईटी पार्क-3 और आईटी पार्क-4 के रूप में दो भव्य औद्योगिक परिसर आकार ले रहे हैं, जो शहर की डिजिटल अर्थव्यवस्था और स्थानीय युवाओं के करियर को नई उड़ान देंगे। दोनों आईटी पार्कों के निर्माण पर कुल 597 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरी तरह शुरू होने पर शहर के साढ़े ग्यारह हजार से अधिक कुशल युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। खास बात यह है कि 21 मंजिला आईटी पार्क-3 मध्यभारत की सबसे ऊंची और सर्वसुविधायुक्त आईटी बिल्डिंग होगी, जो इंदौर के गौरव को बढ़ाएगी। :: दिसंबर 2026 तक पूरा होगा 21 मंजिला आईटी पार्क-3 :: भंवरकुआं क्षेत्र के पास विकसित हो रहा आईटी पार्क-3 प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय आईटी निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। करीब 11 लाख वर्गफीट निर्मित क्षेत्र वाली इस गगनचुंबी 21 मंजिला इमारत की कुल लागत 550 करोड़ रुपये है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का लगभग 70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर अब तक 394 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वर्तमान में भवन की 14वीं मंजिल का ढांचा तैयार होने के साथ ही वॉटर टैंक और बाउंड्री वॉल का काम युद्धस्तर पर जारी है। उम्मीद है कि दिसंबर 2026 तक यह प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिससे अकेले इस परिसर में 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। :: विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा परिसर :: इस बहुमंजिला परिसर को एक इंटीग्रेटेड टाउनशिप की तरह तैयार किया जा रहा है। यहाँ काम करने वाले टेक-इंजीनियर्स और कंपनियों के लिए मनोरंजन क्षेत्र (रिक्रिएशन एरिया), कामकाजी माताओं के लिए क्रेच (शिशु गृह) सुविधा, वॉक-वे, तीसरी आंख (सीसीटीवी) का कड़ा पहरा, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन, कमर्शियल स्पेस, शॉपिंग जोन और एक शानदार फूड जोन जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। :: अगले महीने से लीज पर मिलने लगेगा आईटी पार्क-4 :: क्रिस्टल आईटी पार्क की शानदार सफलता के बाद एमपीआईडीसी आईटी पार्क-4 को भी अंतिम रूप देने में जुटा है। 9 मंजिला इस आधुनिक भवन का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 47 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत वाले इस प्रोजेक्ट पर अब तक 27 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। लगभग 1 लाख वर्गफीट में फैले इस परिसर को आगामी माह में कंपनियों के लिए लीज पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस पार्क के शुरू होने से करीब 1,500 युवाओं को रोजगार मिलने का अनुमान है। :: युवाओं का पलायन रुकेगा, बढ़ेगा निर्यात :: एमपीआईडीसी की इस पहल से न केवल देश-दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां और स्टार्टअप्स इंदौर की ओर आकर्षित होंगे, बल्कि उच्च शिक्षा प्राप्त स्थानीय युवाओं को नौकरियां तलाशने के लिए बेंगलुरु, पुणे या हैदराबाद जैसे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे इंदौर का आईटी निर्यात बढ़ेगा और शहर की डिजिटल इकोनॉमी को एक अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। प्रकाश/25 मई 2026