:: प्रदेश महामंत्री बागड़ी ने संतों से लिया आशीर्वाद, महावीर जयंती पर दिखा वैश्य समाज का साझा उत्साह :: इंदौर (ईएमएस)। महावीर जयंती के पावन पर्व पर शहर के ऐतिहासिक राजवाड़ा चौक पर भक्ति और सांप्रदायिक सौहार्द का सुंदर नजारा देखने को मिला। मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन की ओर से मंगलवार सुबह श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा निकाले गए विशाल जुलूस का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने न केवल समाज बंधुओं का अभिनंदन किया, बल्कि जुलूस के साथ चल रहे पूज्य संतों, मुनियों और विद्वानों के दर्शन कर उनका शुभाशीष भी प्राप्त किया। मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री अरविंद बागड़ी ने शहर के विभिन्न वैश्य घटकों के पदाधिकारियों के साथ राजवाड़ा पर मंच से पुष्प वर्षा कर जुलूस की अगवानी की। बागड़ी ने इस अवसर पर कहा कि भगवान महावीर के सत्य और अहिंसा के संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने श्वेताम्बर जैन समाज के प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों को महावीर जयंती की बधाई देते हुए समाज की एकता और सेवा भावना की सराहना की। :: विभिन्न संगठनों ने लुटाया प्रेम :: जुलूस के मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे, जहाँ विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने समाज जनों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। वैश्य महासम्मेलन के इस पहल की सराहना करते हुए जैन समाज के वरिष्ठों ने भी आभार व्यक्त किया। राजवाड़ा चौक पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय के बीच केसरिया ध्वजों और बैंड-बाजों की गूँज ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। :: एकजुटता का संदेश :: कार्यक्रम में वैश्य महासम्मेलन के स्थानीय पदाधिकारियों सहित अन्य वैश्य संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अरविंद बागड़ी ने बताया कि वैश्य समाज हमेशा से ही धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहा है और आज का यह स्वागत कार्यक्रम इसी एकजुटता का प्रतीक है। जुलूस में शामिल झांकियां और भजन मंडलियों ने भी राजवाड़ा पर रुककर अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। प्रकाश/31 मार्च 2025