31-Mar-2026


धीरे-धीरे गर्मी दिखाने लगी अपने असर जबलपुर, (ईएमएस)। पश्चिमी हवाओं के कारण वातावरण गर्म हो गया है। दिन में गर्मी जोरदार एहसास कराने लगी है। अब तो रात में भी गर्मी महसूस की जाने लगी है। परिस्थितियां पूरी तरह से गर्मी के अनुकूल होती जा रहीं हैं। शीतल पेय पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है। दिन में लोग गमछा, टोपी, चश्मा पहनकर घूप से बचाव करने लगे हैं। कूलर, पंखों की पूछ-परख बढ़ गई है। सूर्य की तेज तपन के दौरान सुबह 8 बजे से ही धूप चुभने लगती है और दोपहर तक धूप असहनीय हो जाती है। दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इस मौसम में पहली बार 31 मार्च मंगलवार को पारा 37 डिग्री को पार कर गया। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 2 दिनों से अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री के आसपास झूल रहा था। मंगलवार को पारे ने एकदम से उछाल मारी| पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 23.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा मे नमी प्रातःकाल 52 प्रतिशत और सायंकाल 36 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 6 बजकर 2 मिनिट पर हुआ, जबकि सूर्यास्त सायं 6 बजकर 25 मिनिट पर हुआ। दक्षिणी पश्चिमी हवायें 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम कार्यालय के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले का मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 36.04 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुनील साहू / मोनिका / 31 मार्च 2026/ 7.15