मनोरंजन
01-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में रिलीज हुई धुरंधर: द रिवेंज (धुरंधर 2) बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। इसको लेकर बॉलीवुड फिल्म निर्देशक आदित्य धर की ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी जबरदस्त चर्चा में है। रिकार्ड तोड कमाई कर रही इस फिल्म में रणवीर सिंह के ‘हमजा’ किरदार को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। उनके साथ संजय दत्त, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कमाई की रफ्तार को देखते हुए यह साफ है कि ‘धुरंधर 2’ अब नए रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। खास बात यह है कि यह फिल्म अब एस. एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर बाहुबली 2: द कंक्लूजन के नौ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने नॉर्थ अमेरिका में जबरदस्त कमाई करते हुए अब तक लगभग 19.33 मिलियन डॉलर का आंकड़ा छू लिया है। वहीं ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने इस क्षेत्र में करीब 19.7 मिलियन डॉलर कमाए थे, जबकि ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड 20.19 मिलियन डॉलर से ज्यादा का है। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए यह फिल्म जल्द ही यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। फिल्म की सफलता पर ‘बाहुबली 2’ के प्रोड्यूसर शोबू यारलागड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ देखी और उन्हें यह बेहद पसंद आई। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि फिल्म भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। ‘धुरंधर 2’ 2025 में आई हिट फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पहली फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, जो अब बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म की कहानी हमजा के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें उसके अतीत और परिस्थितियों को दिखाया गया है कि कैसे जसकीरत हमजा बनता है। सुदामा/ईएमएस 01 अप्रैल 2026