मनोरंजन
01-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता और गायक अपारशक्ति खुराना ने अपना नया रोमांटिक गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज कर दिया है। फिल्मों में अपनी दमदार सहायक भूमिकाओं के लिए पहचान बना चुके अपारशक्ति अब संगीत की दुनिया में भी लगातार सक्रिय हैं। इस गाने में उनके साथ महिमा मकवाना नजर आ रही हैं, और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। एक्टिंग के साथ-साथ अपारशक्ति गायकी और गीत लेखन में भी अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ‘तेरे पीछे’ उनका नया म्यूजिकल प्रोजेक्ट है, जो उनके ईपी बीटवीन अस का हिस्सा है। यह गाना स्पॉटिफाई, यूट्यूब सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। मेकर्स के अनुसार, ‘तेरे पीछे’ एक सुकून भरा और भावनात्मक रूप से जुड़ने वाला रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें प्यार की कोमलता और गहराई को खूबसूरती से पेश किया गया है। अपारशक्ति की मधुर आवाज और महिमा मकवाना की सहज अदाकारी इस गाने को और भी खास बनाती है। गाने को लेकर अपारशक्ति खुराना ने कहा कि यह उनके सबसे करीब दिल के प्रोजेक्ट्स में से एक है। उन्होंने बताया, “‘तेरे पीछे’ में प्यार की तड़प और सुकून दोनों का एहसास है। इसे मैंने साक्षी रट्टी और मीर देसाई के साथ मिलकर बनाया है। यह कविता और आधुनिक संगीत का खूबसूरत मेल है। मैं चाहता हूं कि लोग इसे अपने खास इंसान के साथ सुनें और इसके भावों को महसूस करें।” गाने के बोल साक्षी रट्टी और अपारशक्ति खुराना ने लिखे हैं, जबकि संगीत साक्षी रट्टी और मीर देसाई ने तैयार किया है। म्यूजिक वीडियो में अपारशक्ति और महिमा की जोड़ी दर्शकों को आकर्षित कर रही है, और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस गाने की खूबसूरती को और बढ़ाती है। यह गाना ईपी ‘बीटवीन अस’ का पहला ट्रैक है। इस ईपी में ‘गुलाबी आसमान’ और ‘आखरी वार’ जैसे दो अन्य गाने भी शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 01 अप्रैल 2026