मुंबई (ईएमएस)। साल 2025 और 2026 में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने अपनी दमदार फिल्मों और शानदार परफॉर्मेंस के दम पर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त असर छोड़ा है। इस सफलता की नींव रणवीर सिंह ने उस वक्त ही रख दी गई थी, जब उन्होंने 2010 में बैंड बाजा बारात से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में ‘बिट्टू शर्मा’ के किरदार के जरिए रणवीर ने अपनी ऊर्जा और अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनकी इसी प्रतिभा को उस समय बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने भी पहचान लिया था। रणवीर को उनकी पहली ही फिल्म के लिए फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू एक्टर का अवॉर्ड मिला था, जिसे लेते समय वह भावुक होकर स्टेज पर रो पड़े थे। यह पल और भी खास इसलिए बन गया क्योंकि यह अवॉर्ड उन्हें शाहरुख खान के हाथों मिला था। उसी दौरान शाहरुख ने मजाकिया लेकिन दिल छू लेने वाले अंदाज में कहा था, “तू क्यों रो रहा है? अब रोने का समय तो हमारा है, क्योंकि हिंदी सिनेमा में तू जो आ गया है, अब पता नहीं हमारा क्या होगा।” यह बयान उस समय रणवीर की काबिलियत का सबसे बड़ा प्रमाण बन गया था। रणवीर सिंह का करियर केवल एक डेब्यू नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा में एक नई ऊर्जा का आगाज था। उन्होंने समय-समय पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है। लुटेरा में उनकी संजीदा अदाकारी हो या राम-लीला और बाजीराव मस्तानी जैसी फिल्मों में उनका जोश, हर किरदार में उन्होंने खुद को साबित किया है। ‘ऐंवई ऐंवई लूट गया’ जैसे गानों से शुरू हुआ उनका सफर अब बड़े प्रोजेक्ट्स और सुपरहिट फिल्मों तक पहुंच चुका है। हालिया समय में उनकी फिल्मों ने जिस तरह सफलता हासिल की है, उसने उन्हें इंडस्ट्री के टॉप एक्टर्स की कतार में खड़ा कर दिया है। रणवीर सिंह ने अपनी मेहनत, ऊर्जा और टैलेंट के दम पर बॉलीवुड में खास मुकाम हासिल किया है। सुदामा/ईएमएस 01 अप्रैल 2026