मनोरंजन
01-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नीना गुप्ता स्टारर फिल्म आचारी बा की खुलकर तारीफ की है और लोगों से इसे देखने की अपील भी की है। सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए अभिनेत्री ने फिल्म को महिला सशक्तीकरण और दृढ़ संकल्प की एक शानदार मिसाल बताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि यह एक दिल छू लेने वाली कहानी है, जिसमें एक महिला के संघर्ष और आत्मनिर्भरता को बेहद सरल और प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए खासतौर पर नीना गुप्ता के अभिनय की तारीफ की। हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि फिल्म में नीना गुप्ता का प्रदर्शन बेहद शानदार है और उनके साथ नजर आने वाला गोल्डन रिट्रीवर भी कहानी में खास आकर्षण जोड़ता है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि इस तरह की प्रेरणादायक फिल्मों को जरूर देखना चाहिए। फिल्म की कहानी एक साधारण मध्यवर्गीय महिला आचारी बा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गांव में आचार बनाकर अपना गुजारा करती है। उनका बेटा मुंबई में रहता है, लेकिन उनसे दूरी बनाए रखता है। एक दिन वह अपनी मां को शहर ले आता है, जहां आचारी बा को पता चलता है कि उन्हें घर में कुत्ते की देखभाल के लिए बुलाया गया है। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए आचारी बा की जिंदगी बदलती है और वह धीरे-धीरे लोकप्रिय हो जाती हैं। अंततः वह एक कुकिंग प्रतियोगिता जीतकर अपनी पहचान बना लेती हैं। फिल्म में भावनात्मक उतार-चढ़ाव के साथ आत्मसम्मान, संघर्ष और रिश्तों की जटिलताओं को बारीकी से दिखाया गया है। फिल्म में नीना गुप्ता के बेटे की भूमिका वत्सल सेठ ने निभाई है, और उनकी परफॉर्मेंस भी कहानी को मजबूती देती है। ‘आचारी बा’ आज भी दर्शकों के लिए एक प्रेरणादायक और दिल को छू लेने वाला सिनेमाई अनुभव बनी हुई है। बता दें कि बता दें कि ‘आचारी बा’ 14 मार्च 2025 को होली के मौके पर ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। रिलीज के समय भी फिल्म को इसकी कहानी और भावनात्मक प्रस्तुति के लिए काफी सराहना मिली थी। सुदामा/ईएमएस 01 अप्रैल 2026