क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एक महिला के अपहरण और मारपीट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर अपहरण की वारदात में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि अपहरणकर्ता महिला का पति ही है जिससे उसका तलाक का केस चल रहा है इसलिए महिला उससे अलग अन्य पुरुष के साथ रह रही हैं। और उसी के साथ वह कल फिल्म देखने आई थी तभी उसका अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई। मामला इन्दौर के एमआईजी थाना क्षेत्र का है और महिला का अपहरण देवास के अभिनव टाकीज के बाहर से उस समय किया गया जब महिला टाकीज में लगी धुरंधर फिल्म देखकर टाकीज से बाहर निकल रही थी तभी कुछ लोग उसे मारते पीटते एक कार में डालकर फरार हो गए। मामले की जानकारी लगते ही देवास कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आई और कुछ ही घंटों में इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से युवती की रिकवरी कर दो लोगों को गिरफ्तार कर अपराध में प्रयुक्त कार जब्त की। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का इंदौर निवासी पूर्व पति रवि अपने साथी के साथ पहले से टाकीज के बाहर घात लगाए बैठा था। जैसे ही महिला अपने मित्र के साथ अभिनव टॉकीज से बाहर निकली, दोनों को रोककर हमला कर दिया। हमले में महिला के मित्र के सिर में चोट आई। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम गठित की गई और उसने देर रात दो आरोपियों को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से ट्रेस कर गिरफ्तार कर अपहरण में इस्तेमाल मारुति कार भी जब्त की गई। देवास कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के अनुसार पीड़ित महिला इंदौर की रहने वाली है। वह पति रवि से विवाद के चलते इन दिनों अपने मित्र चिरायु पाठक निवासी भौंरासा के यहां ठहरी हुई थी। घटना वाले दिन वह चिरायु के साथ फिल्म देखने गई थी। तभी पति रवि ने साथियों के साथ मिल उस पर हमला किया और उसे जबरन कार में अपने साथ ले गया। वहीं मामले में पीड़िता महिला का कहना है कि रवि से उसका विवाह करीब 10 वर्ष पहले हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। बेटी महिला के साथ रहती है, जबकि बेटा पति के साथ इंदौर में रहता है। करीब एक साल से दोनों अलग रह रहे हैं। दोनों के बीच मारपीट और पारिवारिक विवाद के चलते मामला कोर्ट में विचाराधीन है। महिला का कहना है कि अलग रहने के बावजूद पति उसके साथ मारपीट करता था और उसके दांत भी तोड़ दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 01 अप्रैल 2026