- पाटन चौराहे पर सडक दुर्घटना, आरोपी चालक हिरासत में जबलपुर, (ईएमएस)। देहात थाना पाटन के पाटन चौराहे पर सुबह घास के बंडलों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसा सुबह लगभग 10 बजे का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर संतुलन खो बैठा। फिलहाल पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन से मनेरी प्लांट की ओर जा रहा घास से लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पाटन चौराहे पर पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार इसकी चपेट में आ गए। बाइक पर ग्राम कांटी निवासी रोहित चौधरी अपने एक मित्र के साथ सवार होकर जबलपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे चौराहे के करीब पहुंचे, उनके बगल से गुजर रही ट्राली उन पर पलट गई। रोहित के दोस्त ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन रोहित भारी-भरकम ट्राली और घास के ढेर के नीचे दब गया। दुर्घटना होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल रोहित को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास शुरू किए। पास ही एक जेसीबी मशीन उपलब्ध थी, जिसकी मदद ली गई। जेसीबी के माध्यम से भारी ट्राली को ऊपर उठाया गया और मलबे में फंसे रोहित को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। रोहित की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर और घास से लदी ट्राली को जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर चालक राकेश को पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हिरासत में ले लिया है । मौके पर यातायात बहाल करने के लिए पलटी हुई ट्राली को सड़क से हटाया गया है। गौरतलब हो कि जबलपुर-भोपाल मार्ग पर स्थित शहपुरा पुल टूटने के कारण सारा यातायात पाटन मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। इस वजह से सड़क पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। ग्रामीणों ने पूर्व में भी प्रशासन से यहां डिवाइडर और ब्रेकर बनवाने की मांग की थी, ताकि वाहनों की गति पर नियंत्रण पाया जा सके, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। चौराहे पर ब्रेकर न होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में निकलते हैं, जो हादसों का मुख्य कारण बन रहा है। अजय पाठक / मोनिका / 02 अप्रैल 2026/ 3.19