क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले के विकासखंड भितरवार अंतर्गत ग्राम बसई और गोहिंदा में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पोखर पर श्रमदान कर जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जन अभियान परिषद की समितियों के साथ मिलकर सेवाभावी नागरिकों ने पुरानी तलैया में जमी मिट्टी को हटाने, साफ-सफाई एवं गहरीकरण का कार्य शुरू किया। जिससे जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन को नई गति मिली। अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्थाओं द्वारा जन चौपाल आयोजित कर “सुरक्षित जल – समृद्ध कल” का संदेश दिया गया। चौपाल में बताया गया कि अभियान के दौरान मुख्य एवं सहायक नदियों पर सामूहिक श्रम-साधना, नदी अनुभूति, जल चौपाल व संवाद, जल संरक्षण में योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान तथा नारा लेखन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जल गंगा संवर्धन अभियान 04 जून तक संचालित रहेगा। इस अवसर पर जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री मनोज दुबे सहित सर्वश्री कुलदीप नामदेव, कोमल सिंह रावत, राजू पाठक, लक्ष्मण प्रजापति, पालेंद्र राणा, सोबरन बघेल, सुरेंद्र बघेल, गजेन्द्र सिंह और बलविंदर सिंह रावत सहित अनेक ग्रामीणजन सक्रिय रूप से शामिल हुए।