बेगूसराय, (ईएमएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के अंतर्गत वीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पनापुर, वार्ड नंबर-01 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल की रात सूचना मिली कि पनापुर गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के आधार पर वीरपुर थाना की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ में मृतका की पहचान कुमारी (उम्र करीब 22 वर्ष), पति अंकज कुमार, निवासी पनापुर, वार्ड नंबर-01 के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में वीरपुर थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें। संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस