क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


नालंदा, (ईएमएस)। बिहार की नालंदा पुलिस ने महिला से छेड़खानी मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला नूरसराय थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ युवकों द्वारा एक महिला के साथ छेड़खानी की घटना सामने आई थी। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कांड संख्या 194/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर और प्रसारित किया जा रहा है, जो एक गंभीर अपराध है। इस तरह की गतिविधियां सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के नियमों का उल्लंघन करती हैं। नालंदा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे संवेदनशील और आपत्तिजनक वीडियो को न तो शेयर करें और न ही फॉरवर्ड करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण पीड़िता की निजता का उल्लंघन है और यह एक दंडनीय अपराध है। ‎संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस