क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


- मंदिरों में हुए सुंदरकांड हनुमान चालीसा पाठ तो कही सीताराम संकीर्तन के साथ निकली शोभा यात्राएं रायसेन(ईएमएस)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अनन्य भक्त मां अंजनी लाल के लाल श्री हनुमंत लाल का जन्मोत्सव गुरुवार को जिला मुख्यालय रायसेन सहित जिले भर में शहरी क्षेत्रनगर के से लेकर ग्रामीण अंचल क्षेत्र में सभी हनुमान मंदिरों पर उत्साह के साथ मनाया गया। हनुमान जी के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर सुबह से ही हनुमान मंदिरों पर भक्तों का आना-जाना प्रारंभ हो गया था आकर्षक सजावट से सुशोभित हो रहे मंदिरों में बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना और महा आरती कार्यक्रम से लेकर मंदिरों में आयोजित हुए सीताराम संकीर्तन सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं हवन कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ श्रद्धापूर्वक भाग लिया एवं हनुमान जी महाराज के दर्शन लाभ लिए। इस मौके पर हनुमान जी का विशेष श्रृंगार किया गया था जिससे उनकी शोभा देखे नहीं बन रही थी मंदिरों में पहुंचने वाले हर भक्त का मन हनुमान जी महाराज के दर्शन करने के साथ झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आ रहा था। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित प्राचीन पाटनदेव हनुमान मंदिर से विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वाधान में विशाल वाहन रैली शोभा यात्रा निकाली गई जो सागर मार्ग भोपाल सागर तिराहा, रामलीला गेट से होते हुए महामाया चौक, माता मंदिर चौराहा, तीपट्टा बाजार, राम जानकी मंदिर, पुराना थाना शिव मंदिर होते हुए श्री सिद्धेश्वर धाम मंदिर समिति ट्रस्ट चोपड़ा रायसेन पर जाकर समाप्त हुई । यहां पर सनातन धर्म प्रेमियों ने मंदिर पर हनुमान जी की विशेष पूजा अर्चना करते हुए देश में शांति सौहाद्र और सम्पन्नता के लिए प्रार्थना कर महा आरती का आयोजन किया। शोभायात्रा के दौरान धर्म प्रेमी अपने हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ चल रहे थे। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के गंज बाजार स्थित प्राचीन बालाजी धाम श्री हनुमान मंदिर पर सुंदर कांड के साथ महा आरती एवं प्रसादी वितरण का किया गया जिसमें बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसके अलावा नगर के बावड़ी पुरा श्री हनुमान मंदिर, गोपालपुर पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर, नवाबपुर श्री हनुमान मंदिर, बड़ा मंदिर, रामलीला मैदान श्री हनुमान मंदिर, मिश्र तालाब श्री हनुमान मंदिर सहित सभी हनुमान मंदिरों पर जन्मोत्सव के उपलक्ष में विशेष पूजा अर्चना के साथ भजन कीर्तन और सुंदरकांड पाठ कहीं हनुमान चालीसा पाठ के आयोजन संपन्न हुए । सभी मंदिरों पर सनातन धर्म प्रेमियों की भीड़ देखने में नजर आई, मंदिरों में दिनभर लोगों ने पहुंचकर हनुमान जी महाराज को प्रसाद नारियल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया वहीं रात के समय में मंदिरों में भजन कीर्तन और सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण के पाठ, महा आरती आदि कार्यक्रम संपन्न हुए। शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास के गांव-गांव में स्थापित सभी हनुमान मंदिरों पर जन्मोत्सव के उपलक्ष में विशेष पूजा अर्चना महा आरती सीताराम संकीर्तन और सुंदरकांड, हनुमान चालीसा पाठ के आयोजन भक्तों द्वारा आयोजित किए गए, इस प्रकार से श्री हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव संपूर्ण जिले में धूमधाम के साथ श्रद्धा पूर्वक मनाया गया।