क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


- हनुमान जन्मोत्सव में रही हवन पूजन भंडारों की धूम जबलपुर, (ईएमएस)। श्री राम भक्त मारूति नंदन अंजनी पुत्र महाबली वीर हनुमान की जन्मोत्सव गुरुवार को यहां पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ यहां मनाई गई। नगर के हनुमान मंदिरों में हवन पूजन महाआरती और भंडारों के आयोजनों की धूम रही। कई स्थानों से संकट मोचन कृपा निधान के शोभायात्रा भी निकाली गई। दिन भर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह हनुमत जागरण और आर्केस्ट्रा के प्रोग्राम हुए और भंडारे के प्रसाद का वितरण देर रात तक चलता रहा। अनेक मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतारे लगी रही। मंदिर के पट खुलने के पहले ही श्रद्धालुओं का पहुंचना प्रारंभ हो गया था। मंदिरों में हनुमान चालीसा का सबसे प्रभावी और लोगों की मनोकामनाएं पूरी करने और भय को दूर और संकट को हरने वाले मंत्र ‘‘संकट कटै मिटै सब पीरा जो सुमिरै हनुमत बलवीरा, बल, बुद्धि, विद्या, देहु मोहै, हरेऊ क्लेश विकारा’’, हर श्रद्धालु के श्रीमुख से उच्चारित हो रहा था। वहीं रामदूत अतुलित बल धामा, अंजनिपुत्र पवन सुत नामा महावीर विक्रम बजरंगी के जयकारे गूंजते रहे| श्री रामलला मंदिर गौरीघाट में तो श्रद्धालुओं की अपार भीड़ लगी रही। यहां द्वापर युग की सिद्ध बाल हनुमान प्रतिमा को गर्भगृह से बाहर निकालकर पूजा पंडाल में स्थापित किया गया था। हनुमान चालीसा, महाआरती और भंडारे के आयोजन से यहां सवा लाख नारियलों का हवन किया गया। इसी तरह रानीताल गेट नं. 2 के पास स्वयंसिद्ध हनुमान मंदिर, दक्षिणमुखी श्री बाल हनुमान मंदिर लेबर चौक, बड़े महावीर बड़ा फुहारा, छोटे महावीर कोतवाली, श्री नटबाबा मंदिर मोची कुआं गढ़ाफाटक, श्री हनुमान मंदिर नौदराब्रिज, श्री कटरा वाले महावीर स्वामी मिलोनीगंज, श्री हनुमान मंदिर अधारताल, श्री हनुमान मंदिर दमोहनाका, पंचमुखी हनुमान मंदिर स्नेह नगर में सुन्दरकाण्ड अखण्ड रामायण पाठ के बाद भंडारे के आयोजन किये गये। रानीताल चौक हनुमान मंदिर में श्री बजरंग मठ सूपाताल में भी हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाई गई। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के प्राय: सभी हनुमान मंदिर में अखण्ड रामायण पाठ चलते रहे जिनके समापन पर हवन पूजन हुआ और दोपहर बाद भंडारे का आयोजन किया गया। शाम को मंदिरों में जो भीड़ शुरू हुई तो मध्य रात्रि तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जगह-जगह भंडारों के साथ आने जाने वाले राहगीरों को प्रसाद वितरण भी किया जाता है। श्री बाल रुपी हनुमान मंदिर लेबर चौक में सुंदरकांडपाठ के साथ हवन, पूजन हुआ। यहां समाज सेवी कैलाश साहू, दीपक साहू, आभा, रजनी एवं एडवोकेट सुर्वणा वरण्यम ने अनुष्ठान में भाग लिया। इसी तरह नटबाबा मंदिर गढ़ाफाटक में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। सरस्वती कालोनी से निकली शोभायात्रा......... श्री दुर्गा हनुमान मंदिर समिति सरस्वती कॉलोनी के तत्वावधान में विशाल संकीर्तन शोभायात्रा पं.वासुदेव शास्त्री, संकीर्तनाचार्य पं.मनमोहन दुबे,संतोष अग्रहरि, पं.देवेंद्र त्रिपाठी के सान्निध्य में श्री हनुमान सीताराम, राधे राधे की अखण्ड धुन, राम नाम सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुये निकाली गई। समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नेमा के मार्गदर्शन में समिति के सभी श्रद्धालु भक्तजनों ने सम्पूर्ण शोभायात्रा का श्रद्धा,समर्पण भाव के साथ भव्यता प्रदान की। समापन पर पुष्प वर्षा कर महाआरती हुई। दोपहर 12 बजे प्रभु हनुमंत लला का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पं.वीरेंद्र दुबे,रघुराज सिंह ठाकुर,राजेश शर्मा,राजेंद्र तिवारी,सुनील ताम्रकार,नवीन नेमा,देवव्रत सोनी,प्रशांत गुप्ता,सत्य प्रकाश नामदेव,अरविंद गुप्ता,अंकित बहरे,पं.अरविंद तिवारी,राकेश बादल,अमित गुप्ता,नरेंद्र साहू,भरत कोष्टा,पवन साहू,नितिन दुबे,प्रवीण नेमा,आशीष नेमा,सुरेंद्र गिरी,के एल दीक्षित,मुन्ना पांडे,अरविंद शर्मा,संदीप नेमा,अमित विश्नोई सहित प्रतिभा भापकर,प्रीति गुप्ता,कीर्ति चौहान,प्रीति गुप्ता,कल्पना सुहाने,संगीता ब्यौहार,श्वेता गुप्ता,पूजा शर्मा, आदि उपस्थित रहे। अंत में देवेंद्र नेमा ने सभी जनों का आभार व्यक्त किया। सुनील साहू / मोनिका / 02 अप्रैल 2026/ 5.29