- ब्यावरा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किया भव्य शुभारंभ - कार्यक्रम के उपरांत राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ किया भोजन ब्यावरा (ईएमएस)l नगर स्थित शासकीय बालक हाई स्कूल राजगढ़ रोड में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026’ का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार द्वारा उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है, इसके बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में पिछले दो वर्षों में शिक्षा की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। यही कारण है कि अभिभावकों का विश्वास शासकीय विद्यालयों के प्रति लगातार बढ़ रहा है और नामांकन में लगभग 32.4 प्रतिशत की सराहनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के बल पर भारत के बच्चे विश्व स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश में अशिक्षा का स्तर तेजी से घट रहा है और साक्षरता की दिशा में प्रभावी प्रगति हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 21वीं सदी भारत की सदी है, और हमारा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक, जब हमारा देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब भारत विश्व की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित हो। इसमें हमारे विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। ज्ञान, नवाचार और संस्कारों के बल पर हमारे युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। इसी क्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा और भारतीय संस्कृति की ओर लौटना होगा, क्योंकि यही हमारी असली पहचान और शक्ति है। हमारी मातृभाषा में शिक्षा न केवल समझ को सरल बनाती है, बल्कि यह हमारे संस्कारों, परंपराओं और मूल्यों को भी सुदृढ़ करती है। यदि हम अपनी जड़ों से जुड़े रहेंगे, तो आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि भी सुनिश्चित कर पाएंगे और एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं संस्कारित समाज का निर्माण कर सकेंगे। इसके साथ ही ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा ब्यावरा की बालिकाओं के लिए नवीन कन्या विद्यालय की घोषणा की गई है, जो शीघ्र ही साकार रूप लेगा। इसके साथ ही महाविद्यालय में ग्रामीण छात्राओं की सुविधा के लिए 100 बेड का नवीन छात्रावास तैयार हो चुका है। संदीपनी विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है और क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार सहित अनेक विकास कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा परिणामों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। -निखिल/ब्यावरा/2/4/2026