क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


गरियाबंद (ईएमएस)। जिले में अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टीम और थाना शोभा की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 कीमती हीरे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुसियार बरछा स्थित कचना ध्रुवा मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम डमरू लाल लहरे, निवासी ओडिशा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8 छोटे-बड़े चमकीले हीरे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल (एचएफ डिलक्स) भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026