बालाघाट (ईएमएस). शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवगांव में प्रवेशोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मानव अधिकार आयोग से मानव मित्र फिरोजा खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत से हुई, जहां मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय अभिवादन किया गया। इसके साथ ही नए विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे उनके शैक्षणिक जीवन की शुभ शुरुआत हो सके। कार्यक्रम में आयोग मित्र फिरोजा खान ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को मानव अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायक शब्दों से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय को भेंट स्वरूप पुस्तकें प्रदान कीं, जिससे विद्यालय के पुस्तकालय को समृद्ध करने में मदद मिलेगी। यह प्रवेशोत्सव विद्यार्थियों के लिए न केवल यादगार रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक शुरुआत भी साबित हुआ। भानेश साकुरे / 02 अप्रैल 2026