बालाघाट (ईएमएस). विकासखंड लालबर्रा में 2 अप्रैल को जल गुणवत्ता परीक्षण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 77 ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं सहायक सचिवों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के केमिस्ट तोमर एवं बीसी परमानंद ठाकरे के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल परीक्षण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित सचिवों को जल के विभिन्न मानकों की जांच एवं उसके महत्व की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेष रूप से प्रतिभागियों को क्लोरीन, आयरन, फ्लोराइड एवं पीएच जैसे प्रमुख जल गुणवत्ता मानकों की जांच करना सिखाया गया, जिससे वे अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पेयजल की नियमित निगरानी कर सकें। प्रशिक्षण के उपरांत सभी ग्राम पंचायतों को किट का वितरण भी किया गया, ताकि ग्रामीण स्तर पर जल स्रोतों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित हो सके और आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों का हिस्सा है, जिसके माध्यम से जिले में जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। भानेश साकुरे / 02 अप्रैल 2026