बालाघाट (ईएमएस). जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर के निर्देशन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बालाघाट के तत्वावधान में ग्राम पाथरवाड़ा में वसुंधरा ग्राम सेवा समिति, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर सखी समूह के संयुक्त सहयोग से यह आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम शुरुआत जल कलश पूजन एवं भजन-कीर्तन से की गई। इसके पश्चात जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने जल बचाओ के नारे लगाकर लोगों को जल संचय के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में एमसीएमसी डीपी के परामर्शदाता हरेंद्र यादव ने जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए जल बचाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। वहीं समिति सचिव ईशुलाल धावड़े ने जल संरक्षण एवं जल के दुरुपयोग को रोकने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल की एक-एक बूंद सहेजने और भविष्य के लिए जल संरक्षण को आवश्यक बताया गया। इस अवसर पर ग्राम विकास समिति की सदस्य सचिव एकादशी ठाकरे, सदस्य देवेश्वरी हरिनखेड़े, राधिका चौहान, संगीता ठाकरे सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 02 अप्रैल 2026