राज्य
03-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन पर नबी करीम स्टेशन एक अनूठा इंटरचेंज बनेगा, जहाँ एक ही लाइन के दो कॉरिडोर क्रॉस करेंगे। इससे बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक तक की यात्रा में यह स्टेशन दो बार आएगा। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क अब एक ऐसे बदलाव की ओर बढ़ रहा है, जो यात्रियों के सफर को पहले से कहीं ज्यादा आसान और स्मार्ट बना देगा। आने वाले समय में यात्रियों को एक ही लाइन पर ट्रेन बदलने की सुविधा मिलेगी, जो अब तक मेट्रो सिस्टम में देखने को नहीं मिली थी। मजेंटा लाइन के फेज चार और पांच (ए) के तहत बन रहे दो कॉरिडोर के पूरा होते ही नबी करीम स्टेशन एक अनूठे इंटरचेंज के रूप में उभरेगा। आमतौर पर इंटरचेंज अलग-अलग लाइनों को जोड़ते हैं, लेकिन यहां एक ही लाइन के दो कॉरिडोर एक-दूसरे को क्रॉस करेंगे। यह बदलाव मेट्रो यात्रा के अनुभव को पूरी तरह नया आयाम देगा। यह स्टेशन जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम मार्ग होते हुए इंद्रप्रस्थ तक के हिस्से में शामिल होगा। साथ ही इंदरलोक से इंद्रप्रस्थ तक प्रस्तावित विस्तार का भी अहम हिस्सा रहेगा। इसका मतलब यह होगा कि बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक तक के पूरे सफर में नबी करीम स्टेशन दो बार दिखाई देगा, जिससे यात्रियों को बीच में ही दिशा बदलने की सुविधा मिलेगी। बाटनिकल गार्डन की ओर से आने वाले यात्री यहां उतरकर आसानी से इंद्रलोक या शिवाजी स्टेडियम की दिशा में जा सकेंगे। वहीं इंद्रलोक की तरफ से आने वाले लोग भी इसी स्टेशन पर ट्रेन बदलकर दूसरी दिशा में अपनी यात्रा जारी रख पाएंगे। इससे समय की बचत के साथ भीड़ का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/03/ अप्रैल /2026