पटना,(ईएमएस)। बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की ओर से नदवां गांव में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महादंगल का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बाहुबली विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर हो रहा है। अनंत सिंह दंगल देखने के लिए पहुंच गए हैं। उनके साथ उनके छोटे बेटे अभिनव सिंह मौजूद रहे। अनंत सिंह ने सिर पर साफा बांध रखा है। अखाड़े में कुश्ती शुरू हो चुकी है। लोगों का कहना है कि वहां कुश्ती नहीं अनंत सिंह को देखने आए हैं। अनंत सिंह अखाड़े के चारो तरफ घूमकर कुश्ती देख रहे हैं। अनंत का दावा है कि महादंगल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है। बाहर से आए दर्शकों के लिए भोज का भी इंतजाम किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश, उनके बेटे निशांत समेत कई नेता, विधायक और मंत्रियों को निमंत्रण दिया गया है। महादंगल में भारत के कई राज्यों के अलावा विदेशों से भी पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। ईरान के हामिद, इरफान और जलाल जैसे नामी पहलवान महादंगल में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। वहीं, जॉर्जिया से टेड्डू पहलवान के आने की भी चर्चा है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई चर्चित पहलवान भी इस दंगल में कुश्ती के मैदान में उतरने वाले है। यह पूरा आयोजन अनंत सिंह की देखरेख में हो रहा है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे पिछले सप्ताह ही बेऊर जेल से बाहर आए हैं। जेल से बाहर आने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक आयोजन माना जा रहा है, इसलिए इसकी चर्चा और भी ज्यादा हो रही है। अनंत सिंह खुद तैयारियों का जायजा लेते नजर आए हैं।। आशीष दुबे / 03 अप्रैल 2026