नई दिल्ली (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट के मौजूदा संकट को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नागरिकों से अफवाहों से सावधान रहने और ईंधन की घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए उपायों पर जोर दिया। देश के तमाम राज्यों को एलपीजी डिस्ट्रिब्यूशन को प्राथमिकता देने और जमाखोरी व गलत सूचना फैलाने के खिलाफ सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। 23 मार्च से अब तक 5 किलो के सिलेंडर की बिक्री 5 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है, जबकि कल ही 67 हजार से अधिक सिलेंडर बेचे गए। वहीं पीएनजी विस्तार सुधारों के तहत 10 राज्यों को अतिरिक्त एलपीजी की आपूर्ति की गई है। पीएनजी विस्तार अभियान में तेजी आई है। नतीजतन मार्च 2026 से अब तक 3।42 लाख कनेक्शन गैसीफाइड किए गए हैं, जबकि 3।7 लाख नए पंजीकरण हुए हैं। सरकार समुद्री परिचालन और नाविकों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखे हुए है। मंत्रालय के अनुसार सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। अब तक 1130 से अधिक भारतीय नाविकों को स्वदेश वापस लाया जा चुका है, जिनमें से पिछले 24 घंटों में 155 नाविक शामिल हैं। खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय मिशन और पोस्ट भारतीय समुदाय को 24×7 सहायता प्रदान कर रहे हैं। हवाई यात्रा की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। 28 फरवरी से अब तक करीब 6।49 लाख यात्री भारत की यात्रा कर चुके हैं। सुबोध/०३-०४-२०२६