राष्ट्रीय
03-Apr-2026


महाराष्ट्र-यूपी के लोगों का सफर होगा आसान नई दिल्ली(ईएमएस)। सेंट्रल रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को मैनेज करने के लिए 2100 से ज्यादा समर स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। ये स्पेशल ट्रेन सर्विस 15 अप्रैल से शुरू होकर 31 जुलाई तक चलेंगी। इनमें से 735 ट्रेनों को अनारक्षित जबकि 624 ट्रेनों को आरक्षित सर्विसेज के तहत चलाया जाएगा। सेंट्रल रेलवे ने एक्स पर समर स्पेशल ट्रेनों से जुड़ी यह जानकारी साझा की। पोस्ट में कहा गया है कि यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई और पुणे से 2100 से अधिक समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। महाराष्ट्र के लिए 735 अनारक्षित और 624 आरक्षित ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यह भी कहा कि यात्रियों के लिए गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रा को आसान बनाने के लिए इन विशेष ट्रेनों की योजना बनाई जा रही है। महाराष्ट्र में ये ट्रेनें मुंबई/दौंड से सोलापुर, पुणे से कोल्हापुर, नासिक रोड से बदनेरा और हडपसर से हरंगुल जैसे रूटों पर चलेंगी। वहीं महाराष्ट्र के बाहर यात्रा के लिए विशेष ट्रेनें मुंबई से बलिया और गोरखपुर, दौंड से कलबुर्गी व सोलापुर से कलबुर्गी और अनकापल्ले जैसे रूटों को जोड़ेंगी। रेलवे ने यह भी बताया कि इनमें पहले से चल रही ‘ट्रेन्स ऑन डिमांड’ के साथ-साथ पीक ट्रैवल पीरियड के लिए अतिरिक्त ट्रेनें भी शामिल हैं। विनोद उपाध्याय / 03 अप्रैल, 2026