तेहरान(ईएमएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के एक वरिष्ठ जनरल की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि ईरानी नेतृत्व के खिलाफ किए जा रहे हत्याकांड और अपराध देश की प्रगति की राह नहीं रोक पाएंगे। गौरतलब है कि वरिष्ठ जनरल की मौत सोमवार को तेहरान में किए गए एक हवाई हमले में हुई थी, जिसका आरोप इजरायल पर लगाया गया है। मोजतबा खामेनेई ने एक लिखित बयान जारी कर आईआरजीसी के खुफिया संगठन के प्रमुख माजिद खादेमी की दशकों की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने खादेमी द्वारा सुरक्षा, खुफिया और रक्षा क्षेत्रों में किए गए मौन प्रयासों को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया। सर्वोच्च नेता ने इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि युद्ध के मैदान में लगातार मिल रही हार के कारण ये देश अब आतंकवाद और हत्या जैसे कायरतापूर्ण रास्तों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने खादेमी के परिवार, साथियों और आईआरजीसी के कमांडरों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। तनाव के इस माहौल के बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने तेहरान स्थित शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस हमले में विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र और परिसर की मस्जिद के समीप स्थित एक गैस स्टेशन को भारी नुकसान पहुँचा है। ईरानी नेतृत्व ने इसे शिक्षा और नागरिक बुनियादी ढांचे पर सीधा हमला करार दिया है। क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। ईरानी सेना ने हाल ही में दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई के तहत दक्षिणी इजरायल में पेट्रोकेमिकल उद्योगों और तेल भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया है। इसके अलावा, कुवैत में स्थित अमेरिकी उपकरण डिपो और सैन्य ठिकानों पर भी हमले की बात कही गई है। यह ताजा घटनाक्रम 28 फरवरी को हुए उन भीषण हमलों के बाद आया है, जिसमें तेहरान सहित कई शहरों को निशाना बनाया गया था। उन हमलों में पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और कई वरिष्ठ कमांडरों की जान चली गई थी, जिसके बाद से ही ईरान और इजरायल- अमेरिका गठबंधन के बीच संघर्ष बेहद गंभीर स्तर पर पहुँच गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/07अप्रैल2026