क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


‎गुना (ईएमएस)। जिले की बमोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सिलावटी रामपुर में प्रस्तावित शांतिधाम निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण अटका हुआ है। इस समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में आवेदन दिया और अतिक्रमण हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा शांतिधाम (मरघटशाला) निर्माण के लिए शासकीय भूमि स्वीकृत की जा चुकी है और इसके लिए प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद उक्त भूमि पर पांचौरा निवासी श्याम मीना द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी पंचायत निर्माण कार्य प्रारंभ करने का प्रयास करती है, तब संबंधित व्यक्ति विरोध करता है और काम रुकवा देता है। ग्रामीणों ने बताया कि शांतिधाम का निर्माण न होने से अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे पूरे गांव को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटवाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस परियोजना के लिए करीब 21.6 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। बावजूद इसके कार्य रुका हुआ है। प्रशासन ने आवेदन को संबंधित विभाग को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। -सीताराम नाटानी