क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- गर्भवती माताओं को दिया गया विशेष मार्गदर्शन कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित सम्पूर्णता 2.0 अभियान के अंतर्गत विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर उपस्वास्थ्य केंद्र देवपहरी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मेगा स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक देश के आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े महत्वपूर्ण सूचकांकों में सुधार लाकर इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा में लाना है। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें गर्भधारण से लेकर प्रसव के छह माह तक उचित खान-पान, संतुलित एवं पोषक आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार अनिवार्य स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नवजात शिशुओं के जन्म के समय कम वजन की समस्या, उसके कारण होने वाली स्वास्थ्य जटिलताओं और उससे बचाव के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की। बच्चों के समुचित विकास में जन्म के समय वजन की भूमिका को समझाते हुए परिवारजनों को जागरूक किया गया। इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में बाल वृद्धि निगरानी, गर्भवती महिलाओं का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर की प्रभारी आर.बी. गौतम, एल.आर. गौतम, सुमन सिदार, आरएचओ मधुसूदन देवांगन, गीता मिश्रा, सविता मंझवार सहित बड़ी संख्या में गर्भवती एवं शिशुवती माताएं तथा उनके परिजन उपस्थित रहे। 09 अप्रैल / मित्तल